कोरबा/पोड़ीउपरोड़ा विशेष रिपोर्ट
कोरबा/आज दिनांक 18 अप्रैल 2026, दिन शनिवार को जनपद पंचायत पोड़ीउपरोड़ा मुख्यालय में विकास कार्यों की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह समीक्षा बैठक जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री दिनेश नाग के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में मनरेगा योजना, जिला खनिज न्यास (DMF) एवं अभिसरण मद के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों जैसे कि स्कूल भवन निर्माण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण तथा शौचालय निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान कई निर्माण कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित निर्माण एजेंसी एवं उप अभियंता (Sub Engineer) को कड़ी फटकार लगाई गई तथा उनके विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र (Show Cause Notice) जारी करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश नाग ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधूरे एवं अप्रारंभ निर्माण कार्यों को अनिवार्य रूप से 15 जून 2026 से पूर्व पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) के उप अभियंता (SDO), मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी (Programme Officer – PO) को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए।

बैठक में ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, सहायक अभियंता (SE) एवं तकनीकी सहायक (TA) उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को प्राथमिकता के आधार पर अधूरे एवं अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।








