जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में भारतीय सेना ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए दो आतंकियों को मार गिराया है। इस कार्रवाई को सेना ने ‘ऑपरेशन पिंपल’ नाम दिया है। सेना की चिनार कोर ने बताया कि क्षेत्र में अभी भी तलाशी अभियान जारी है ताकि अन्य संभावित आतंकियों या ठिकानों का पता लगाया जा सके।
सेना को खुफिया एजेंसियों से इनपुट मिला था कि केरन सेक्टर से आतंकियों ने नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर घुसपैठ की है। सूचना के आधार पर सेना ने इलाके को घेरकर संयुक्त अभियान शुरू किया। इस दौरान आतंकियों ने भारी फायरिंग की, जिस पर जवानों ने भी पलटवार करते हुए दो घुसपैठियों को ढेर कर दिया।
इसी बीच, जम्मू-कश्मीर की जेलों में बंदियों की व्यापक जांच की जा रही है। काउंटर इंटेलीजेंस विंग कम्युनिकेशन डिवाइस और संदिग्ध संपर्कों की जांच में जुटा है।
जम्मू जिले में पुलिस ने सिम कार्ड विक्रेताओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 70 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कदम आतंकियों को फोन नेटवर्क और संपर्क साधनों की आपूर्ति रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।










