महासमुंद । छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए सोशल मीडिया पर चर्चित एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आकाश जाधव के रूप में हुई है, जिसके यूट्यूब चैनल पर करीब 56 लाख 80 हजार सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर 3 लाख 17 हजार फॉलोअर्स हैं। आरोपी खुद को सर्प मित्र बताकर सांपों के रेस्क्यू से जुड़े वीडियो बनाता था।
520 किलो गांजा एंबुलेंस से ले जाते पकड़े गए थे आरोपी
कोमाखान थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने 7 जनवरी 2026 को एंबुलेंस के जरिए 520 किलो गांजा का परिवहन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद जब मामले की गहराई से जांच की गई, तो पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ।
इंड-टू-इंड जांच में 9 आरोपी गिरफ्तार, महाराष्ट्र-ओडिशा कनेक्शन
पुलिस ने अब तक इस केस में इंड टू इंड कार्रवाई करते हुए कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें
01 थोक खरीददार
01 मुख्य थोक विक्रेता
02 खुदरा बिक्रीकर्ता
01 परिवहन नेटवर्क का सरगना
04 परिवहनकर्ता
शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से 08 महाराष्ट्र और 01 ओडिशा का निवासी है।
YouTube पर स्नेक रेस्क्यू, जमीन पर ड्रग्स का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, तस्करी नेटवर्क का मुख्य सरगना आकाश जाधव सोशल मीडिया पर Sarp Mitra Akash Jadhav नाम से प्रसिद्ध है। वह सांपों के रेस्क्यू के वीडियो डालकर लोकप्रियता हासिल करता था, जबकि पर्दे के पीछे गांजा तस्करी का संचालन कर रहा था।
जांच में सामने आया है कि आकाश जाधव पिछले एक वर्ष में 6 बार अलग-अलग माध्यमों से गांजा की ट्रांसपोर्टिंग कर चुका है।
पुणे केस में फरार था आरोपी, 1.5 करोड़ की संपत्ति सीज की तैयारी
पुलिस ने बताया कि आकाश जाधव पुणे के एक अन्य ड्रग्स मामले में पिछले 6 महीने से फरार था। महासमुंद पुलिस ने आरोपी की करीब 1.5 करोड़ रुपये की संपत्ति चिन्हांकित कर ली है, जिसे सीज करने की प्रक्रिया जारी है।
सोशल मीडिया की आड़ में अपराध पर सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह मामला युवाओं के लिए भी चेतावनी है कि दिखावे और वायरल कंटेंट के पीछे छिपे अपराध को नजरअंदाज न करें।










