सूरदास जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए दिव्यांगजनों ने दिखाई प्रतिभा, सम्मानित हुए राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी
गुलाल, चंदन और आरती से हुआ समारोह का शुभारंभ
महाकवि सूरदास जी की जयंती पर सोमवार, 05 मई 2025 को ग्राम करमापटपर (खंड बागबाहरा, जिला महासमुंद) स्थित नेत्रहीन विद्यालय में सूरदास जयंती समारोह का भव्य शुभारंभ किया गया। भारत माता की आरती और सूरदास जी के छायाचित्र पर गुलाल, चंदन, फल-फूल व पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का आरंभ हुआ।
सक्षम संस्थान की स्थापना और उद्देश्य पर विस्तार से जानकारी
जिला सक्षम संयोजक राजेश कुमार नायक ने ‘सक्षम सेवा संस्थान’ की स्थापना 20 जून 2008 को नागपुर में होने की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था दिव्यांगता उन्मूलन और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए कार्यरत है। उन्होंने संस्था के 7 अनिवार्य प्रकोष्ठ, 7 कार्यक्रम और 7 आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
—
साहित्यकार शशिभूषण सोनी ने बताया – सूरदास हैं हिंदी साहित्य के सूरज
कार्यक्रम में साहित्यकार शशिभूषण सोनी ने सूरदास जी के साहित्यिक योगदान को याद करते हुए बताया कि उन्हें ‘हिंदी साहित्य का सूरज’ कहा जाता है। उनके ग्रंथ सूरसागर, सुरसारावली, भ्रमरगीत और साहित्यलहरी अमूल्य धरोहर हैं। सूरसागर में उन्होंने लगभग 1 लाख पदों की रचना की थी, जिनमें आज केवल 8000 पद ही उपलब्ध हैं। उनका जन्म 1478 ईस्वी में आगरा के पास ग्राम सिही में हुआ था।
—
दिव्यांग प्रतिभाओं को मिला सम्मान, खेलरत्नों को किया गया पुरस्कृत
नेत्रहीन विद्यालय करमापटपर में आयोजित इस समारोह में राष्ट्रीय स्तर के पैरा एथलेटिक्स चैंपियन – गोला फेंक, लंबीकूद, दौड़, योग आदि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। नेत्रहीन शिक्षक प्रीति यादव, पंचराम नेताम और भूपेंद्र को शिक्षा व सेवा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों हेतु पुष्पगुच्छ और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
—
गीत-भजन से संगीतमय हुआ माहौल, समाज के विभिन्न वर्गों की रही भागीदारी
नेत्रहीन दिव्यांगजनों ने सूरदास जी की रचनाओं पर आधारित गीत व भजन प्रस्तुत कर समारोह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में जिला महिला आयाम ऊषा साहू, डॉ. महेंद्र साहू, रश्मि साहू (प्राचार्य), जिला सक्षम सदस्य डिम्पल ध्रुव, बीजू पटनायक, प्रेमचंद डड़सेना, दुर्गा वस्त्रकार, अनिल चक्रधारी सहित 42 दिव्यांग व 17 सामान्यजन उपस्थित रहे।







