ED ने युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा और सोनू सूद को तलब किया
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अपनी जांच को और तेज कर दिया है। एजेंसी ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा और बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद को पूछताछ के लिए तलब किया है। यह केस विवादित ऑनलाइन बेटिंग ऐप 1xBet से जुड़ा हुआ है।
क्या है मामला?
ED का कहना है कि कई अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स करोड़ों रुपये की ठगी, टैक्स चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल हैं। जांच एजेंसी का मानना है कि इन ऐप्स के जरिए ब्लैक मनी को सफेद करने का बड़ा खेल चल रहा है।
जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि इन प्लेटफॉर्म्स को प्रमोट करने में क्रिकेटरों और फिल्मी सितारों की भूमिका कितनी रही है। ED यह पता लगाने में जुटी है कि इन हस्तियों को प्रमोशन के लिए कितनी रकम दी गई और क्या उन्हें ऐप्स की अवैध प्रकृति की जानकारी थी।
पूछताछ का शेड्यूल
- रॉबिन उथप्पा को 22 सितंबर को पेश होना है।
- युवराज सिंह को 23 सितंबर को बुलाया गया है।
- सोनू सूद को 24 सितंबर को दिल्ली स्थित ED मुख्यालय में हाजिर होने का नोटिस भेजा गया है।
इन तीनों के बयान धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज किए जाएंगे।
हाईप्रोफाइल नामों की एंट्री
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय सुरेश रैना और शिखर धवन से भी पूछताछ कर चुका है। अब युवराज, उथप्पा और सोनू सूद का नाम जुड़ने से यह केस और भी हाईप्रोफाइल हो गया है।
फिल्मी सितारे भी रडार पर
जांच एजेंसी सिर्फ क्रिकेटरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि फिल्मी सितारे भी रडार पर हैं।
- अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती और अभिनेता अंकुश हाजरा पहले ही अपने बयान दर्ज करवा चुके हैं।
- वहीं, 1xBet की इंडिया ब्रांड एंबेसडर उर्वशी रौतेला को भी नोटिस भेजा गया है, लेकिन वह अब तक पेश नहीं हुई हैं।
भारत में ऑनलाइन बेटिंग का जाल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में ऑनलाइन बेटिंग मार्केट का आकार 100 अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा हो चुका है। अनुमान है कि 22 करोड़ से अधिक लोग ऐसे ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं।
सरकार भी इस अवैध कारोबार पर नकेल कस रही है। सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार, 2022 से जून 2025 तक 1,524 अवैध ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स को ब्लॉक किया जा चुका है।








