राजनांदगांव। जिले के छुरिया क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाने के लिए चलाई जाने वाली महतारी एक्सप्रेस का उपयोग अवैध शराब की तस्करी के लिए किया जा रहा था। वनांचल क्षेत्रों में जहां महिलाओं को समय पर इस सेवा का लाभ नहीं मिल पाता, वहीं इसका दुरुपयोग कर तस्करों ने इसे शराब ढोने का माध्यम बना दिया।
जानकारी के अनुसार, बीती रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महतारी एक्सप्रेस 102 वाहन को पकड़ा। यह वाहन पुलिस वाहन 112 की मदद से रोका गया, जिसमें महाराष्ट्र निर्मित 16 पेटी अवैध संतरी शराब भरी हुई थी।
पूर्व विधायक का धरना
इस मामले को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई। छुरिया क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गेट के सामने पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू धरने पर बैठ गईं। उन्होंने नवरात्रि के पावन पर्व पर अवैध शराब की तस्करी होने को लेकर प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सरकार की लापरवाही और व्यवस्था की नाकामी को दर्शाता है।
पुलिस की कार्रवाई
मामला छुरिया क्षेत्र के ग्राम पैरीटोला का है। यहां महाराष्ट्र के काकोड़ी से देशी शराब बोलेरो वाहन (महतारी एक्सप्रेस) में भरकर कल्लूबंजारी से छुरिया की ओर लाई जा रही थी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकेबंदी की और बम्हनी रोड के पास वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी में आरोपी इन्द्र कुमार उर्फ राहुल साहू के कब्जे से 16 पेटी महाराष्ट्र निर्मित देशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 53 हजार 760 रुपये बताई जा रही है।
बड़ा सवाल
- महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए चलाई गई महतारी एक्सप्रेस का तस्करी में इस्तेमाल होना सरकार की योजनाओं पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
- नवरात्र जैसे धार्मिक अवसर पर अवैध शराब की सप्लाई ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगाए हैं।
- अब देखना होगा कि प्रदेश सरकार और प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाते हैं।








