बिलासपुर। स्वराज जयसवाल की विशेष रिपोर्ट।
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द मोड़ स्थित शराब दुकान परिसर में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ऑटो चालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक का शव उसकी ऑटो के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार शराब दुकान परिसर में खड़ी ऑटो क्रमांक CG 10 T 0731 के पीछे की सीट के नीचे एक व्यक्ति के पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान व्यक्ति के सीने और पेट से काफी मात्रा में खून निकलता हुआ पाया गया। पुलिस ने स्थिति की जांच की तो उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान बबलू साहू, निवासी देवरीखुर्द के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

हत्या की वजह और आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपी की पहचान का पता लगाने में जुटी है।

दिनदहाड़े शराब दुकान परिसर में हुई इस हत्या से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई के बाद ही हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।







