सरगुजा/अंबिकापुर। विशेष रिपोर्ट।
सरगुजा/अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में नशे के खिलाफ जनजागरूकता की मुहिम को और प्रभावी बनाने की दिशा में ‘नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा’ की टीम ने नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी से सौजन्य मुलाकात की। अभियान के संयोजक मंगल पाण्डेय के नेतृत्व में पहुंची टीम ने एएसपी को संस्था की गतिविधियों, जनजागरूकता कार्यक्रमों और नशे की लत से जूझ रहे लोगों को दी जा रही काउंसलिंग की जानकारी दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, विशेष शाखा सरगुजा भी मौजूद रहे। मुलाकात की शुरुआत नवपदस्थ एएसपी रितेश चौधरी को पदभार ग्रहण करने पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देकर हुई।

नशे के खिलाफ जागरूकता के साथ साइबर सुरक्षा और यातायात पर भी फोकस
‘नवा बिहान’ के समन्वयक अनिल कुमार मिश्रा ने अभियान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि टीम द्वारा लगातार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति, साइबर अपराध से बचाव, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही नशे की गिरफ्त में आ चुके और इससे बाहर निकलने की इच्छा रखने वाले लोगों की काउंसलिंग एवं परामर्श भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो के दिशा-निर्देशन में अभियान लगातार संचालित होता रहा है। उन्होंने भविष्य में भी मार्गदर्शन एवं सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
‘नवा बिहान’ की पहल को एएसपी ने बताया अभिनव प्रयास
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ यह पहल निश्चित रूप से प्रभावी रही है। सरगुजा पुलिस और जिले के स्वैच्छिक संगठनों के संयुक्त प्रयास से संचालित यह अभियान एक अभिनव पहल है, जिसे समुदाय, मीडिया, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों से लगातार सहयोग मिलता रहा है।
एएसपी रितेश चौधरी ने दिया निरंतर सहयोग का भरोसा
नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी ने ‘नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र’ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे इस अभियान को आगे भी निरंतर संचालित किया जाएगा। उन्होंने अभियान को समाजहित में महत्वपूर्ण बताते हुए टीम के सदस्यों से जागरूकता गतिविधियों को और व्यापक स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
18 अगस्त के राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम की तैयारियों पर मंथन
मुलाकात के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आगामी 18 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। एएसपी रितेश चौधरी ने ‘नवा बिहान’ टीम से कार्यक्रम के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव मांगे। टीम के सदस्यों ने अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा करते हुए कार्यक्रम को प्रभावी एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाने पर जोर दिया।
ये सदस्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर ‘नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा’ की वरिष्ठ सदस्य एवं समाजसेविका राजयोगिनी बी.के. विद्या दीदी, वन्दना दत्ता दीदी, वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी, उप निरीक्षक अभय तिवारी, समाजसेवी अधिवक्ता विजय शंकर तिवारी, समाजसेवी साहित्यकार एवं कवि संतोष दास ‘सरल’, समाजसेवी एवं शिक्षक डॉ. अंचल सिन्हा, समाजसेवी अमृत लाल प्रधान, युवा समाजसेविका हिना खान, रीना ठाकुर एवं युवा समाजसेवी संतोष कुमार विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
नशे के खिलाफ जागरूकता, परामर्श और सामूहिक सहभागिता के इस प्रयास से सरगुजा में स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज की दिशा में अभियान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।









