धरमजयगढ़ में आयोजित होगा राज्य स्तरीय समारोह, जिंदल एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया आत्मीय स्वागत
रायगढ़, 15 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के पावन अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ पहुंचे। धरमजयगढ़ में आयोजित इस महत्वपूर्ण समारोह को लेकर जनजातीय समाज में विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल है।
मुख्यमंत्री श्री साय का आगमन रायगढ़ स्थित जिंदल एयरपोर्ट पर हुआ। यहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत एवं गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
इस अवसर पर श्रीकांत सोमावार, सुभाष पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और अदम्य साहस को समर्पित जनजातीय गौरव दिवस आदिवासी समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपरा, स्वाभिमान और ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है।







