मुंगेली। स्वराज जयसवाल विशेष रिपोर्ट।
मुंगेली। जिले में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार होने वाले आरोपी को मुंगेली पुलिस ने महज 7 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर अपनी तत्परता का परिचय दिया है। नेशनल हाईवे पर पथरिया मोड़ के पास से कोयले से भरा 18 चक्का ट्रेलर चोरी कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने GPS लोकेशन के आधार पर घेराबंदी कर दबोच लिया।

GPS लोकेशन बनी पुलिस का हथियार, ग्राम मदकू के पास मिला चोरी का ट्रेलर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरगांव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित पथरिया मोड़ के पास से कोयले से लदा 18 चक्का ट्रेलर चोरी कर लिया गया था। ट्रेलर में 38.650 टन कोयला भरा हुआ था। चोरी हुए ट्रेलर और कोयले की कुल कीमत 42 लाख 43 हजार 495 रुपये आंकी गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। GPS लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम मदकू के पास घेराबंदी की और चोरी हुए ट्रेलर को बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में भगतराम राजपूत (24 वर्ष), निवासी ग्राम लमती को गिरफ्तार किया है।
7 घंटे में खुलासा, आरोपी पहुंचा जेल
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। महज 7 घंटे के भीतर चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए लाखों रुपये का माल बरामद करना मुंगेली पुलिस की त्वरित कार्रवाई को दर्शाता है।
मुंगेली पुलिस की तत्परता से चोरी की बड़ी वारदात का पर्दाफाश!








