जांजगीर-चांपा। स्वराज जयसवाल विशेष रिपोर्ट।
जांजगीर-चांपा। सस्ते दाम पर सामान दिलाने और आधी कीमत में भारी छूट का लालच देकर लोगों की जेब पर डाका डालने वाले ठगों के खिलाफ नवागढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दुकानदारों को अपना शिकार बनाकर करीब 4 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुरुषोत्तम यादव (37 वर्ष) और राजेश कुमार (38 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपियों ने बीते एक महीने के दौरान अविराज और सिरगुड़ा के दो लोगों को आधी कीमत पर सामान उपलब्ध कराने तथा आकर्षक छूट दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद ऑनलाइन और नकद माध्यम से करीब 4 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
मामले की शिकायत मिलने पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 338/26 एवं 339/26 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और घेराबंदी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस की अपील: लालच में न गंवाएं अपनी मेहनत की कमाई!
नवागढ़ पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि आधी कीमत पर सामान दिलाने, भारी छूट देने या असामान्य रूप से सस्ते सौदे का लालच देने वाले अनजान लोगों से सतर्क रहें। किसी भी व्यक्ति को ऑनलाइन या नकद भुगतान करने से पहले उसकी पहचान, व्यवसाय और ऑफर की वास्तविकता की पूरी जांच अवश्य करें।
सावधान रहें, सतर्क रहें! आपकी जागरूकता ही साइबर और आर्थिक ठगी से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है।







