रायपुर/छत्तीसगढ़ विशेष रिपोर्ट।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती-2023 के शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डी.एड. प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। पिछले 328 दिनों से राजधानी रायपुर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने सोमवार को अपने परिजनों और बच्चों के साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के शासकीय निवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

करीब 300 अभ्यर्थी अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों के साथ मंत्री निवास पहुंचे। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सहायक शिक्षक भर्ती-2023 के शेष लगभग 2,300 रिक्त पदों पर पात्र डी.एड. अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए शासन तत्काल निश्चित तारीख घोषित करे।

न्यायालयीन आदेश के बाद भी नियुक्ति का इंतजार!
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे कोई नई भर्ती या अतिरिक्त पदों की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति चाहते हैं। उनका आरोप है कि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद अब तक नियुक्ति को लेकर ठोस निर्णय सामने नहीं आया है।

मंत्री से बातचीत पर नहीं बनी सहमति
प्रदर्शन के दौरान प्रशासन ने चार प्रतिनिधियों को शिक्षा मंत्री से बातचीत के लिए बुलाने का प्रस्ताव दिया, लेकिन अभ्यर्थियों ने सामूहिक संवाद और ठोस निर्णय की मांग करते हुए इस प्रस्ताव पर सहमति नहीं जताई। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान नोकझोंक और झूमाझटकी भी हुई। पुलिस सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल परिसर पहुंची, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

परिजनों के साथ पहुंचे अभ्यर्थियों ने लगाए गंभीर आरोप
हिरासत से रिहा होने के बाद अभ्यर्थियों ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान महिला अभ्यर्थियों और बुजुर्ग परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
कर्ज लेकर पढ़ाई की, अब नियुक्ति के इंतजार में बीत रहे दिन
आंदोलन में शामिल कई अभ्यर्थियों की कहानी संघर्ष और आर्थिक परेशानी से जुड़ी है। किसी ने माता-पिता की जीवनभर की जमा पूंजी से पढ़ाई पूरी की, तो किसी ने कर्ज लेकर डी.एड. का प्रशिक्षण हासिल किया। आज यही युवा अपने परिवार से दूर राजधानी में नियुक्ति की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

328 दिनों का संघर्ष, अनोखे तरीकों से जताया विरोध
अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाने के लिए आमरण अनशन, कैंडल मार्च, चाय न्याय यात्रा, कटोरा लेकर सांकेतिक भिक्षाटन, दंडवत प्रणाम यात्रा, जल सत्याग्रह, हथकड़ी प्रदर्शन और रक्त से पत्र लिखने जैसे कई प्रतीकात्मक तरीके अपनाए। यहां तक कि रामनवमी, दिवाली और अन्य त्योहार भी धरना स्थल पर मनाए।
कैबिनेट बैठक पर टिकी निगाहें
अब अभ्यर्थियों की निगाहें आगामी कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं। उनकी मांग है कि लगभग 2,300 शेष रिक्त पदों पर पात्र डी.एड. अभ्यर्थियों की नियुक्ति को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाए और समय-सीमा घोषित की जाए।
अभ्यर्थियों ने साफ कहा है कि जब तक नियुक्ति आदेश जारी नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को परिवार सहित और व्यापक रूप दिया जाएगा।
328 दिन से जारी संघर्ष अब नियुक्ति के फैसले का इंतजार कर रहा है। सवाल यही है कि आखिर इन प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्ति के लिए और कितना इंतजार करना पड़ेगा?







