उप मंत्रीमंडलीय समिति की बैठक में लिया गया अहम फैसला, प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक की खरीदी की जाएगी
धान खरीदी में छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा कदम
छत्तीसगढ़ सरकार ने आगामी धान खरीदी सीजन के लिए 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य तय किया है। इस फैसले को अंतिम रूप शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उप मंत्रीमंडलीय समिति की बैठक में दिया गया। बैठक की अध्यक्षता राजस्व मंत्री टंकाराम वर्मा ने की।
व्यापारियों को मिलेगा बकाया भुगतान के बदले धान
बैठक के बाद राजस्व मंत्री टंकाराम वर्मा ने बताया कि वर्तमान में राज्य के पास लगभग 33 लाख मीट्रिक टन धान का स्टॉक है। ऐसे व्यापारी, जिनका भुगतान अब तक लंबित है, उन्हें अब नकद राशि के बदले धान दिया जाएगा। इस निर्णय से पुराने स्टॉक की निकासी सुचारु होगी और धान उठाव की प्रक्रिया तेज हो सकेगी।
प्रति एकड़ 21 क्विंटल की खरीदी से किसानों को राहत
मंत्री वर्मा ने यह भी जानकारी दी कि इस बार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ लगातार कृषि के क्षेत्र में प्रगति कर रहा है और यहां खेती का रकबा व किसानों की संख्या दोनों में वृद्धि हो रही है। सरकार का दावा है कि छत्तीसगढ़ देश का इकलौता राज्य है जो किसानों को उनकी फसल का सर्वोत्तम मूल्य देता है।
बैठक में शामिल हुए राज्य के बड़े मंत्री
इस महत्वपूर्ण बैठक में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और खाद्य मंत्री दयालदास बघेल भी उपस्थित रहे। बैठक में धान खरीदी के अलावा भंडारण, परिवहन और किसानों के भुगतान से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
किसानों के लिए बड़ी सौगात, बढ़ेगा आय का स्तर
राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लाखों किसानों को बड़ा फायदा होगा। खरीदी लक्ष्य में बढ़ोतरी यह दर्शाता है कि सरकार कृषि को राज्य की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बनाना चाहती है और किसानों की आय को बढ़ाने के लिए ठोस योजनाओं पर काम कर रही है।









