नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर बम धमाके की झूठी धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। बुधवार को चाणक्यपुरी स्थित जीसस एंड मैरी कॉलेज समेत 20 से ज्यादा कॉलेजों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए। ईमेल मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बम और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि, जांच में किसी भी कॉलेज परिसर से विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई और मामला फर्जी साबित हुआ।
VPN का इस्तेमाल करने की आशंका
दिल्ली पुलिस ने आशंका जताई है कि ईमेल भेजने वाले ने अपनी लोकेशन छिपाने के लिए VPN का इस्तेमाल किया है। साइबर सेल ईमेल की तकनीकी जांच में जुट गई है।
पांच दिन में 100 से ज्यादा स्कूलों को धमकी
यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली के शैक्षणिक संस्थानों को इस तरह की धमकियां मिली हों। बीते पांच दिनों में 100 से ज्यादा स्कूलों को भी धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। 20 अगस्त को दिल्ली के 50 से ज्यादा स्कूलों को बम धमाके की धमकी मिली थी। वहीं, 21 अगस्त को छह स्कूल और 22 अगस्त को करीब 100 स्कूलों को ईमेल भेजे गए।
‘टेरराइजर्स 111’ नामक ग्रुप पर शक
पुलिस की जांच में सामने आया है कि धमकी भरे कुछ ईमेल ‘टेरराइजर्स 111’ नामक ग्रुप से भेजे गए थे। इसमें 25,000 अमेरिकी डॉलर और 5,000 डॉलर क्रिप्टोकरेंसी में फिरौती की भी मांग की गई थी। हालांकि, अब तक इस ग्रुप से जुड़े आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
जनवरी से लगातार मिल रही हैं धमकियां
राजधानी में जनवरी से अब तक स्कूलों और कॉलेजों को लगातार धमकी भरे ईमेल मिल रहे हैं। हर बार पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल एक्शन लेकर तलाशी अभियान चलाया है, लेकिन अब तक सभी धमकियां फर्जी साबित हुई हैं। बार-बार मिल रही धमकियों को लेकर अभिभावक और छात्र भी चिंता में हैं।









