नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय कार्यशाला रविवार को संसद के जीएमसी बालयोगी सभागार में शुरू हुई। इस अवसर पर ऐतिहासिक जीएसटी सुधारों को लागू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पार्टी सांसदों द्वारा अभिनंदन और आभार व्यक्त किया गया। खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री मोदी कार्यशाला में एक आम कार्यकर्ता की तरह अंतिम पंक्ति में सहज भाव से बैठे नजर आए।
कार्यशाला की शुरुआत सुबह 11 बजे हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद बड़ी संख्या में शामिल हुए।
पहले दिन चार सत्रों में हुई विस्तृत चर्चा
कार्यशाला के पहले दिन सांसदों के लिए कुल चार महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए।
पहला सत्र: आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी भारत, ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस, युवा शक्ति और रोजगार पर केंद्रित रहा।
दूसरा सत्र: सांसदों द्वारा सोशल मीडिया के प्रभावी प्रयोग पर चर्चा हुई।
तीसरा सत्र: संसदीय समिति के समूहों से संबंधित रहा, जिसमें मंत्रालयों की संसदीय समितियों के कार्य, उनकी रिपोर्टों का अध्ययन, संसदीय नियमावली का इस्तेमाल और सांसदों की भूमिका व सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
चौथा और अंतिम सत्र: सागरीय क्षेत्र, लेफ्ट विंग प्रभावित क्षेत्र, ग्रामीण इलाकों, शहरी क्षेत्रों, पहाड़ी और उत्तर-पूर्वी राज्यों की चुनौतियों और रणनीतियों पर केंद्रित रहा।
दूसरे दिन होगी उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारी
भाजपा की कार्यशाला का दूसरा दिन सोमवार को उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारी को समर्पित रहेगा। सांसदों को चुनाव प्रक्रिया, मतदान की विधि और उससे जुड़ी सावधानियों के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा।
उपराष्ट्रपति चुनाव में सीधा मुकाबला
उपराष्ट्रपति चुनाव 9 सितंबर को होना है। इसमें राजग (NDA) प्रत्याशी सी.पी. राधाकृष्णन और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच सीधा मुकाबला होगा। भाजपा ने कार्यशाला के माध्यम से अपने सांसदों को मतदान से पहले पूरी तरह तैयार करने की रणनीति बनाई है।









