कोलकाता । राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की कोलकाता क्षेत्रीय इकाई ने 12 सितंबर 2025 को एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया।
सुबह के शुरुआती घंटों में डीआरआई अधिकारियों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय (एनएससीबीआई) हवाई अड्डा और जादवपुर के बिजॉयगढ़ इलाके में स्थित दो आवासीय परिसरों पर एक साथ कार्रवाई की। इस दौरान मास्टरमाइंड के घर और उसके किराए पर लिए गए आवास से बड़ी मात्रा में हाइड्रोपोनिक वीड, कैनाबिस और कोकीन बरामद किए गए। ‘वितरण के लिए तैयार’ गांजा भी यहां से मिला। मौके से मास्टरमाइंड के चार सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया।
इसी अभियान के तहत दमदम हवाई अड्डे पर बैंकॉक से आए गिरोह के चार वाहकों (जिनमें तीन महिलाएं शामिल थीं) को पकड़ लिया गया। उनके पास से भी भारी मात्रा में नशीले पदार्थ मिले।
पूरे अभियान में 32.466 किलोग्राम गांजा, 22.027 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड, 345 ग्राम कोकीन और नकदी जब्त की गई। मास्टरमाइंड, विदेशी सप्लायर से जुड़े सदस्य, खुदरा वितरक और बिचौलियों सहित कुल 10 भारतीय नागरिक गिरफ्तार हुए हैं। सभी को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
डीआरआई की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि एजेंसी देश में मादक पदार्थों की तस्करी और उसके नेटवर्क को तोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।








