बैकुंठपुर/कोरिया। विशेष रिपोर्ट रिपोर्ट।
बैकुंठपुर (कोरिया)। सर्व अंबेडकर मूलनिवासी विचार मंच कोरिया के तत्वावधान में नवनियुक्त ओबीसी महासभा जिला अध्यक्ष श्री रवि शंकर राजवाड़े जी का स्वागत एवं सम्मान समारोह बैकुंठपुर स्थित विश्राम भवन के सभा कक्ष में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोरिया जिले के विभिन्न मूलनिवासी समाजों के प्रतिनिधियों, सामाजिक पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

समारोह के दौरान नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्री रवि शंकर राजवाड़े जी का उपस्थित अतिथियों एवं समाज के प्रतिनिधियों द्वारा फूल-मालाओं, गुलदस्ते एवं शाल भेंटकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई देते हुए सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

सामाजिक एकता, शिक्षा और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि किसी भी सामाजिक संगठन की वास्तविक ताकत उसकी एकजुटता, आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता में निहित होती है। समाज के हक-अधिकार, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए सभी मूलनिवासी समाजों को एक मंच पर आकर संगठित प्रयास करने की आवश्यकता है।
वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन और संगठन की मजबूती के लिए युवाओं के साथ-साथ मातृशक्ति की भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं एवं युवाओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपकर उन्हें नेतृत्व के अवसर प्रदान किए जाने चाहिए, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
जिला एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यकारिणी गठन का सुझाव
बैठक में संगठन को अधिक मजबूत, सक्रिय एवं व्यापक स्वरूप प्रदान करने के लिए जिला कार्यकारिणी तथा ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणियों का गठन शीघ्र पूर्ण करने का सुझाव दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत संगठनात्मक ढांचे के माध्यम से सामाजिक गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सकेगा और समाज के विभिन्न मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रशासन एवं शासन के समक्ष रखा जा सकेगा।

इन सामाजिक प्रतिनिधियों की रही प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में विभिन्न समाजों का प्रतिनिधित्व करते हुए श्री कुलदीप प्रजापति, श्री अशोक लाल कुर्रे, श्री कृष्णा प्रजापति, श्री गनपत प्रसाद, श्री डी.एल. भास्कर, श्री ईश्वर दयाल राजवाड़े, श्री राम नारायण साहू, श्री प्रदीप पासवान, श्री जवाहरलाल राजवाड़े, श्री रामदास साहू, श्री संतोष राजवाड़े, श्री छत्तर साय राजवाड़े, श्री स्वतंत्र महोबिया, श्री संजय कुर्रे सहित अनेक सामाजिक प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प
समारोह के अंत में नवनियुक्त ओबीसी महासभा जिला अध्यक्ष श्री रवि शंकर राजवाड़े जी ने उपस्थित सभी सामाजिक जनप्रतिनिधियों, अतिथियों एवं समाज के लोगों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करेंगे। साथ ही सामाजिक एकता, संगठन के विस्तार और समाज के अधिकारों के लिए निरंतर सक्रिय रहकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
यह सम्मान समारोह केवल स्वागत और अभिनंदन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक एकजुटता, आपसी भाईचारे, संगठनात्मक मजबूती और सामूहिक नेतृत्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।






