मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। उन पर 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगा है। इसी मामले में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने राज कुंद्रा का बयान दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, अगले हफ्ते उनसे और पूछताछ भी की जा सकती है।
समन के बाद पेश हुए राज कुंद्रा
इकोनॉमिक ऑफेंस विंग ने राज कुंद्रा को समन जारी किया था और 15 सितंबर को पेश होने के लिए कहा था। राज ने पेश होकर अपना बयान दर्ज करवाया। हालांकि, पुलिस सूत्रों के मुताबिक गवाहों के बयानों की गहन जांच और सत्यापन अभी बाकी है। इन बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई और पूछताछ का दौर शुरू होगा।
10 सितंबर को पहली बार होना था पेश
इससे पहले राज कुंद्रा को 10 सितंबर को पेश होना था, लेकिन उन्होंने समय की मांग की थी। जिसके बाद EOW ने उन्हें 15 सितंबर को हाजिर होने का निर्देश दिया।
शिकायतकर्ता दीपक कोठारी का आरोप
यह पूरा मामला बिजनेसमैन दीपक कोठारी की शिकायत पर आधारित है। दीपक का आरोप है कि 2015 से 2023 के बीच उन्होंने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा द्वारा प्रवर्तित बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कारोबार विस्तार के लिए 60.48 करोड़ रुपये निवेश किए थे। लेकिन उन्हें धोखा दिया गया और वादे के अनुसार रिटर्न नहीं मिला।
राज कुंद्रा की बढ़ी मुश्किलें
राज कुंद्रा के खिलाफ गवाहों और शिकायतकर्ता के बयानों को मजबूती से खंगाला जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई हो सकती है। इससे पहले भी राज कुंद्रा कई विवादों में घिर चुके हैं, जिनमें अश्लील कंटेंट बनाने से जुड़े केस सबसे प्रमुख हैं।
फिल्मी करियर में भी सक्रिय
व्यवसाय के साथ-साथ राज कुंद्रा हाल ही में फिल्मी दुनिया में भी नजर आए हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘मेहर’ में वे दिखाई दिए। इस फिल्म में उनके साथ एक्ट्रेस गीता बसरा भी अहम भूमिका में हैं।








