दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन की पार्किंग के पास सोमवार शाम 6:52 बजे हुए भीषण कार ब्लास्ट को 24 घंटे बीत चुके हैं। इस हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक घायल अस्पतालों में भर्ती हैं। मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। अब तक दो शवों की पहचान हो पाई है, जबकि बाकी की पहचान DNA जांच के माध्यम से की जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, स्थायी रूप से अक्षम या बॉडी पार्ट गंवाने वालों को 5 लाख रुपये, और गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सीएम ने कहा, “सभी घायलों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी दिल्ली सरकार की है। किसी को भी इलाज का खर्च वहन नहीं करना पड़ेगा। दिल्ली की शांति और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और प्रशासन पूरी तत्परता से काम कर रहा है।”
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से 42 महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं, जिनमें i20 कार के टायर, चेसिस, सीएनजी सिलेंडर, बोनट के हिस्से और अन्य धातु के टुकड़े शामिल हैं। बुधवार से इन सबूतों की विस्तृत जांच शुरू की जाएगी ताकि धमाके की असली वजह और जिम्मेदारों का पता लगाया जा सके।









