रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने राज्य सरकार के बजट प्रस्तावों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ की जनता के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
बस्तर-सरगुजा सहित पूरे प्रदेश के विकास को प्राथमिकता
देव ने कहा कि यह बजट बहुस्पर्शी, बहुआयामी और समावेशी है, जिसमें प्रदेश के हर क्षेत्र और वर्ग का ध्यान रखा गया है। विशेष रूप से बस्तर, सरगुजा, वनवासी और आदिवासी अंचलों को समुचित स्थान दिया गया है, जहां विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग को मिलेगी मजबूती
उन्होंने बताया कि बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ युवाओं, किसानों और महिला सशक्तिकरण के लिए प्रभावी प्रावधान किए गए हैं। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए बड़े, मध्यम और लघु उद्योगों के लिए योजनाएं बनाई गई हैं।
विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में ठोस कदम
देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में यह बजट प्रदेश को आर्थिक समृद्धि की ओर ले जाने वाला महत्वपूर्ण कदम है। पिछले बजट को जहां ज्ञान समर्पित किया गया था, वहीं इस बार ज्ञान को गति देने के लिए कई योजनाओं को शामिल किया गया है।










