बिलासपुर/तखतपुर स्वराज जयसवाल की विशेष रिपोर्ट
तखतपुर विधानसभा के ग्राम नेवरा में मुख्यमंत्री गौरव पथ निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए संकल्प जन कल्याण समाज सेवा संघ के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष बिहारी सिंह टोडर ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क की खुदाई कर गुणवत्ता के अनुसार पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
बिलासपुर/तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नेवरा में लगभग एक माह पूर्व निर्मित मुख्यमंत्री गौरव पथ सड़क अब विवादों में घिर गई है। करीब 450 मीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में 36 लाख रुपए की स्वीकृत राशि होने के बावजूद घटिया निर्माण सामग्री और गुणवत्ता विहीन कार्य किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
संकल्प जन कल्याण समाज सेवा संघ छत्तीसगढ़ के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष बिहारी सिंह टोडर ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में मानकों की खुलेआम अनदेखी की गई है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बिहारी सिंह टोडर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क को स्टीमेट और तकनीकी मानकों के अनुरूप दोबारा बनाया जाए, अन्यथा संगठन जनहित में उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा तथा निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करेगा।
ग्रामीणों में भी सड़क निर्माण को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि करोड़ों की योजनाएं केवल कागजों में गुणवत्ता दिखाकर जनता के पैसों का दुरुपयोग करने का माध्यम बनती जा रही हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है।









