रायगढ़/घरघोड़ा। विशेष रिपोर्ट।
रायगढ़/घरघोड़ा। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम जरकट में वन विभाग ने वन्यजीव शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को जंगली सूअर का शिकार कर उसके मांस की कटाई करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9 एवं 51 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को वन विभाग की टीम नियमित गश्त एवं वन भ्रमण पर थी। इसी दौरान वन क्षेत्र से लगे एक खेत में दो व्यक्ति जंगली सूअर के मांस की कटाई करते हुए दिखाई दिए। वन अमले ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुधराम (पिता- मंगलू राम यादव) एवं अमर साय (पिता- रतन सिंह यादव), दोनों निवासी ग्राम जरकट, के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने वन्यजीव के शिकार की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद वन विभाग ने दोनों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर माननीय न्यायालय घरघोड़ा में प्रस्तुत किया।

यह पूरी कार्रवाई वनमंडल अधिकारी रायगढ़ श्री अरविंद पी. एम. के कुशल निर्देशन, उपवनमंडल अधिकारी घरघोड़ा श्री आशुतोष मांडवा के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री विक्रांत कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस अभियान में घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के समस्त वन कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।








