बिलासपुर। स्वराज जयसवाल विशेष रिपोर्ट।
बिलासपुर। शहर की व्यस्त सड़कों पर यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा है। युवक कभी बाइक की सीट पर लेटकर, कभी चलती बाइक पर खड़े होकर तो कभी दोनों हाथ हैंडल से हटाकर बाइक दौड़ाता दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो बिलासपुर के सिविल लाइन क्षेत्र से लेकर गोलबाजार तक के व्यस्त मार्गों का है। वीडियो में शहर विधायक के बंगला क्षेत्र, कलेक्टर बंगला, केंद्रीय जेल और गोलबाजार जैसे प्रमुख इलाकों की झलक भी दिखाई दे रही है। इन स्थानों पर आमतौर पर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल युवक के लिए बल्कि आसपास चल रहे अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकती है।

हादसे को न्योता देती स्टंटबाजी
वीडियो में युवक जिस अंदाज में बाइक पर करतब करता दिखाई दे रहा है, उससे सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। तेज रफ्तार में बाइक से नियंत्रण हटना या अचानक सामने किसी वाहन अथवा राहगीर के आने से गंभीर दुर्घटना की स्थिति बन सकती है। खासकर व्यस्त सड़क पर इस तरह का प्रदर्शन दूसरे वाहन चालकों के लिए भी परेशानी और खतरे का कारण बन सकता है।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सड़क पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों को स्टंट दिखाने का स्थान नहीं बनाया जाना चाहिए। यातायात नियमों का पालन करना हर वाहन चालक की जिम्मेदारी है।

वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की मांग
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि वायरल वीडियो के आधार पर यातायात पुलिस युवक की पहचान कर पाती है या नहीं और यदि पहचान होती है तो उसके खिलाफ यातायात नियमों के तहत क्या कार्रवाई की जाती है। लोगों की नजर अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।







