बलौदाबाजार। स्वराज जयसवाल की विशेष रिपोर्ट।
बलौदाबाजार। जिले की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 12 लाख रुपये की डकैती का पर्दाफाश कर दिया है। आधुनिक तकनीक और लगातार की गई पड़ताल के दम पर पुलिस ने अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

पुलिस के मुताबिक, इस सनसनीखेज वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए 1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान हुई और फिर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चांदी के जेवर, नकदी, पिस्टल, देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, तलवार, महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं। बरामद हथियार और सामान से साफ है कि गिरोह बड़ी वारदातों को अंजाम देने की पूरी तैयारी में रहता था।

प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह शातिर गिरोह छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में 100 से अधिक लूट, डकैती और चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।
बलौदाबाजार पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।









