सूरजपुर। विशेष रिपोर्ट।
सूरजपुर। जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र अंतर्गत शिवप्रसाद नगर रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बसदेई चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवप्रसाद नगर रेलवे स्टेशन के पास एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में युवक की कमर पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि, मौत के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आसपास के थानों में गुमशुदगी के मामलों का मिलान कराया जा रहा है। साथ ही घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।








