मुंगेली। स्वराज जयसवाल की विशेष रिपोर्ट।
मूंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बरेला में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग के तत्कालीन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस हृदयविदारक हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाही से स्कोडा कार चला रहे थे। आरोप है कि उन्होंने गलत दिशा में वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा उस समय हुआ, जब शादी समारोह का कार्य समाप्त कर लौट रही महिलाएं सड़क किनारे अपनी बाइक खड़ी कर रही थीं। अचानक आई तेज रफ्तार कार ने देखते ही देखते खुशियों को मातम में बदल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दो महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य, तकनीकी जांच और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और यदि जांच में अन्य तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में गहरा शोक और लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों ने लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन और पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है। यह कार्रवाई इस बात का संकेत भी मानी जा रही है कि कानून के सामने कोई भी व्यक्ति, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो, जवाबदेही से बच नहीं सकता।







