नई दिल्ली : भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव और उसके बाद घोषित युद्धविराम के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे देश को संबोधित करेंगे। यह संबोधन विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि यह पीएम मोदी का ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पहला सार्वजनिक बयान होगा।
बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की निर्मम हत्या के बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की शुरुआत की थी। इस सैन्य अभियान के तहत सेना ने पाकिस्तान और पाक-अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकियों के कई ठिकानों को निशाना बनाया और उन्हें पूरी तरह तबाह कर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने बीते कुछ दिनों में सुरक्षा हालात पर लगातार नजर बनाए रखी और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ कई उच्चस्तरीय बैठकें कीं। सोमवार को सेनाध्यक्ष, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक उनके आवास पर हुई थी।
उधर, भारत और पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन्स (DGMO) के बीच सोमवार शाम युद्धविराम को लेकर एक अहम बातचीत भी प्रस्तावित है, जिस पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय और देशवासियों की खास नजरें टिकी हैं।
इससे पहले विदेश सचिव विक्रम मिस्री, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने मीडिया ब्रीफिंग्स के जरिए ऑपरेशन से जुड़ी जानकारियां साझा की थीं। रविवार को सेना की ओर से DGMO लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई और एयर मार्शल ए.के. भारती ने मीडिया को कुछ अतिरिक्त अहम जानकारी दी।
अब सबकी निगाहें प्रधानमंत्री के संबोधन पर टिकी हैं, जिसमें वह आगे की रणनीति और हालात को लेकर देशवासियों को अवगत कराएंगे।










