Bilaspur, छत्तीसगढ़ की बिल्हा नगर पंचायत ने देशभर में स्वच्छता के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024–25 में 20,000 से कम आबादी वाले शहरी निकायों की श्रेणी में बिल्हा को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए 17 जुलाई 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिल्हा नगर पंचायत को सम्मानित किया।
इस सम्मानजनक उपलब्धि की गूंज आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 124वें संस्करण तक पहुँची, जहाँ उन्होंने बिल्हा की महिलाओं द्वारा किए गए स्वच्छता नवाचार की प्रशंसा करते हुए कहा –
“बिल्हा की महिलाओं को वेस्ट मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी गई और उन्होंने मिलकर शहर की तस्वीर बदल दी। यह स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का जीवंत उदाहरण है।”
स्वच्छता की मिसाल बनीं स्वच्छता दीदियाँ
करीब 15,000 की आबादी वाले इस नगर में कार्यरत 28 स्वच्छता दीदियाँ घर-घर जाकर ई-रिक्शा से कचरा संग्रहण करती हैं और SLRM सेंटर में गीला-सूखा कचरा पृथक कर उसका पुनः उपयोग सुनिश्चित करती हैं। गीले कचरे से खाद बनाई जाती है और सूखे कचरे को बेचकर ये महिलाएँ आत्मनिर्भर बन रही हैं। इसके अलावा नगर में नियुक्त 10 स्वच्छता कमांडो पूरे शहर में सफाई और जागरूकता का कार्य कर रहे हैं।
नगर पंचायत द्वारा मुनादी, जन-जागरूकता रैली, सामूहिक सफाई जैसे नियमित प्रयासों से आज पूरा नगर स्वच्छता के प्रति जागरूक हुआ है। मुक्तिधाम, तालाब, गार्डन एवं सामुदायिक भवनों की नियमित सफाई से शहर की तस्वीर ही बदल गई है।
पूरे भारत में 2000 से अधिक छोटे नगरों में अव्वल
भारत सरकार के शहरी विकास मंत्रालय द्वारा कराए गए इस सर्वेक्षण में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, सड़क सफाई, शौचालयों की सफाई, पार्कों की स्थिति, और जनता की राय को आधार बनाकर मूल्यांकन किया गया। इसमें बिल्हा नगर पंचायत ने सभी मानकों पर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
नेतृत्व और टीमवर्क की मिसाल
इस सफलता पर आयोजित सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेन्ड्रे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रवीण सिंह गहलोत, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, स्वच्छता दीदी पूजा राठौर, स्वच्छता सुपरवाइजर राकेश डागोर, सफाई दरोगा यशवंत सिंह सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बधाई देते हुए कहा –
“बिल्हा नगर पंचायत ने सिद्ध किया है कि सेवा, सहभागिता और संकल्प से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।”
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा –
“यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य नगर निकायों के लिए एक प्रेरणास्त्रोत है। हम छत्तीसगढ़ को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।”








