नई दिल्ली। भारत धीरे-धीरे हर खेल में अपनी धाक जमाता जा रहा है। अब स्पीड स्केटिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने विश्व स्तर पर देश का परचम लहराया है। चीन में आयोजित वर्ल्ड स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप 2025 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं।
आनंदकुमार वेलकुमार ने रच दिया इतिहास
22 वर्षीय युवा खिलाड़ी आनंदकुमार वेलकुमार ने 1000 मीटर स्प्रिंट रेस में 1:24.924 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। इसी के साथ वे स्पीड स्केटिंग में वर्ल्ड चैंपियन बनने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी इस ऐतिहासिक जीत ने न केवल देश का मान बढ़ाया है, बल्कि भारतीय खेल इतिहास में नया अध्याय भी जोड़ा है।
इससे पहले आनंदकुमार ने 500 मीटर स्प्रिंट रेस में भी शानदार प्रदर्शन किया था और 43.072 सेकंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता था। उस जीत के साथ ही वे सीनियर स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने थे।
जूनियर वर्ग में कृष शर्मा का कमाल
यहीं नहीं, भारत के जूनियर खिलाड़ी कृष शर्मा ने भी कमाल कर दिया। उन्होंने जूनियर 1000 मीटर स्प्रिंट रेस में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया।
पूरे खेल जगत में खुशी की लहर
इन दोनों भारतीय खिलाड़ियों की कामयाबी से देशभर में खुशी की लहर है। खेल विशेषज्ञों का कहना है कि यह भारत के लिए स्पीड स्केटिंग में एक नए युग की शुरुआत है। वेलकुमार और कृष शर्मा की जीत ने यह साबित कर दिया है कि भारतीय खिलाड़ी अब किसी भी खेल में पीछे नहीं हैं और आने वाले समय में विश्व पटल पर और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।










