छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों ने एक भाजपा कार्यकर्ता की बेरहमी से हत्या कर दी। यह वारदात उसूर ब्लॉक के मुंजाल कांकेर गांव की है, जहां देर रात भाजपा कार्यकर्ता सत्यम पुनेम की गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
घटना स्थल से पुलिस को एक पर्चा भी बरामद हुआ है, जिसमें माओवादियों ने हत्या की जिम्मेदारी मद्देड़ एरिया कमेटी की ओर से ली है। पर्चे में लिखा है कि सत्यम पुनेम को बार-बार चेतावनी देने के बावजूद उन्होंने “पुलिस को सूचनाएं देने” का काम जारी रखा, जिसके चलते “जन अदालत” में मौत की सजा दी गई।
हालांकि पर्चे में माओवादी संगठन ने हत्या की सीधी जिम्मेदारी लेने से इंकार करते हुए कहा है कि — “सत्यम की मौत की जिम्मेदारी हमारी एरिया कमेटी की नहीं, बल्कि ब्राह्मणीय हिन्दुत्व-फासीवादी भाजपा सरकार और विष्णुदेव साय की सरकार की है।”
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी है। इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।









