जांजगीर-चांपा। बिलासपुर जिले की मस्तूरी पुलिस ने युवती से दुष्कर्म के आरोप में झोलाछाप डॉक्टर सरजू साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी सरजू साहू अकोला गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की तबीयत खराब होने पर वह इलाज के लिए सरजू साहू के पास गई थी। इलाज के दौरान आरोपी ने युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का झांसा देकर 5 जनवरी 2024 को दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने कई बार युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
आरोपी ने युवती से अपनी शादीशुदा होने की बात छिपाई थी। बाद में जब पीड़िता को यह सच पता चला, तो उसने मस्तूरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सरजू साहू को गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।








