बिलासपुर/विशेष रिपोर्ट।
12.60 करोड़ की लागत से तैयार पार्किंग में एक साथ खड़ी होंगी 80 कारें, शटल रोबोटिक तकनीक से बिना चालक के होगी वाहनों की पार्किंग
बिलासपुर। शहरवासियों को पार्किंग की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 16 नवंबर को बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड परिसर में छत्तीसगढ़ की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। लगभग 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से तैयार इस अत्याधुनिक पार्किंग में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी।

इस सुविधा के शुरू होने से पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या कम होने के साथ यातायात व्यवस्था को भी नई राहत मिलने की उम्मीद है।

अब रोबोट करेगा कार पार्किंग, चालक को नहीं करनी होगी मशक्कत!
इस आधुनिक पार्किंग की सबसे खास बात इसकी शटल रोबोटिक तकनीक है। वाहन चालक को केवल भूतल पर निर्धारित स्थान पर अपनी कार खड़ी करनी होगी। इसके बाद स्वचालित एलिवेटर और रोबोटिक शटल सिस्टम कार को निर्धारित मंजिल तक पहुंचाकर पार्किंग स्लॉट में सुरक्षित खड़ा कर देगा।

वाहन वापस लेने के लिए अनुरोध करने पर यही प्रणाली कार को स्वतः निकास बे तक पहुंचा देगी। यानी अब पार्किंग की जगह तलाशने और ऊपरी मंजिलों पर कार ले जाने की झंझट से मुक्ति मिलेगी।

पांच मंजिला भवन में 80 कारों की क्षमता
भूतल सहित पांच मंजिला इस पार्किंग भवन में प्रथम से चौथे तल तक प्रत्येक मंजिल पर 20 कारों को खड़ा करने की व्यवस्था है। इसमें दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश एवं दो निकास बे बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप तथा स्वचालित निगरानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसकी डिजाइन क्षमता लगभग 60 वाहनों के संचालन प्रति घंटा की है।
मुख्यमंत्री बोले – आधुनिक तकनीक से सशक्त होंगे शहर
लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बढ़ते शहरीकरण के बीच पार्किंग और यातायात की चुनौतियों का समाधान आधुनिक तकनीक के माध्यम से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सीमित भूमि में अधिकतम पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने वाली यह परियोजना शहरी अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे नागरिकों का समय बचेगा और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री सुशांत शुक्ला एवं श्री धरमलाल कौशिक, महापौर श्रीमती पूजा विधानी तथा क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
बिलासपुर के लिए यह पहल केवल पार्किंग सुविधा नहीं, बल्कि आधुनिक शहरी विकास और स्मार्ट परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक नई शुरुआत है।







