रायपुर/विशेष रिपोर्ट।
पीड़ित सदस्यों को ही जारी हुआ कारण बताओ नोटिस, समिति में इस्तीफों की चर्चा के बीच प्रबंधन की जांच और रजिस्ट्रार नियुक्त करने की उठी मांग।
रायपुर। राजधानी रायपुर के कालीबाड़ी चौक स्थित ऐतिहासिक बंगाली कालीबाड़ी समिति (स्थापना वर्ष 1929) की वार्षिक जनसाधारण सभा उस समय विवादों में घिर गई, जब बैठक के दौरान जमकर हंगामा, गाली-गलौज और मारपीट के आरोप सामने आए। विवाद इतना बढ़ गया कि महिलाओं के साथ कथित अभद्रता की गई और घटनास्थल पर पहुंचे चार पत्रकारों के साथ भी मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया है।
पत्रकारों पर हमला, मोबाइल छीनने और जान से मारने की धमकी का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ पत्रकार माता काली के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान सभा कक्ष से शोर-शराबे और गाली-गलौज की आवाजें सुनाई दीं। मौके पर पहुंचने पर पत्रकारों ने महिलाओं के साथ कथित धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार होते देखा। जब उन्होंने घटना की रिकॉर्डिंग शुरू की, तो आरोप है कि 10 से 15 लोगों की भीड़ ने पत्रकारों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। एक पत्रकार का मोबाइल छीनने तथा दोबारा परिसर में आने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
वरिष्ठ पत्रकार को चोरी के झूठे मामले में फंसाने की कोशिश!
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे गंभीर आरोप एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ हुई कथित बदसलूकी को लेकर सामने आया है। पीड़ित पक्ष और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पत्रकार की जेब में जबरन किसी अन्य व्यक्ति का पर्स डालकर उन्हें चोरी के मामले में फंसाने का प्रयास किया गया। इस दौरान उनके साथ झूमाझटकी भी किए जाने का आरोप है। घटना के बाद पत्रकार जगत में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
महिलाओं की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ FIR
घटना के विरोध में बंगाली समाज के एक वर्ग के लोग महिलाओं और पत्रकारों के समर्थन में सिटी कोतवाली थाने पहुंचे। महिला सदस्यों की शिकायत के आधार पर आशीष कांति घोष (पूर्व सचिव), आलोक डे, गौरव चक्रवर्ती, मिहिर गांगुली, शिशिर गांगुली, ऋतुराज सान्याल, रितेश चटर्जी, शिक्षेंदु सान्याल, गुंजन चक्रवर्ती, आकाश सेन शर्मा और अनिरुद्ध हाजरा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
समिति में आंतरिक कलह, पदाधिकारियों के इस्तीफे की चर्चा
हंगामे के बाद समिति के भीतर चल रहा विवाद भी खुलकर सामने आ गया है। सूत्रों के अनुसार, घटना से नाराज होकर उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और एक कार्यकारिणी सदस्य द्वारा अपने पदों से इस्तीफा दिए जाने की चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
समिति की सदस्य प्रतिमा चक्रवर्ती और अमिताभ राजा घोष ने आरोप लगाया कि 13 जुलाई 2025 की सभा में पूर्व युवा कार्यकारिणी सदस्य जयदीप चक्रवर्ती की सदस्यता बहाली का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ था, लेकिन इसके बावजूद प्रस्ताव को दबाया जा रहा है। वहीं, सोहाना मोहंती ने आरोप लगाया कि उपाध्यक्ष के वक्तव्य के दौरान ही पीछे से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज शुरू कर दी गई।
पीड़ितों को ही थमाया कारण बताओ नोटिस, समाज में बढ़ा आक्रोश
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब आरोप सामने आया कि घटना के अगले दिन 13 नवंबर को समिति के वर्तमान पदाधिकारियों ने उन्हीं पीड़ित सदस्यों और पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया, जिन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी या मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा था।
इस कार्रवाई को लेकर बंगाली समाज के एक वर्ग में गहरा आक्रोश है। समाज के लोगों ने समिति के वर्तमान प्रबंधन पर गंभीर अनियमितताओं और विवादित व्यक्तियों को संरक्षण देने के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही समिति के कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से रजिस्ट्रार नियुक्त करने की मांग भी उठाई गई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि 1929 से सामाजिक और धार्मिक पहचान रखने वाली ऐतिहासिक बंगाली कालीबाड़ी समिति में आखिर विवाद इतना गहरा कैसे हो गया? महिलाओं और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कब होगी और समिति के कामकाज में पारदर्शिता कैसे सुनिश्चित की जाएगी? फिलहाल सभी की नजरें पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।







