नई दिल्ली, 12 सितम्बर 2025 । देश को नया उपराष्ट्रपति मिल गया है। शुक्रवार को वरिष्ठ नेता और राजग उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 67 वर्षीय राधाकृष्णन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
राधाकृष्णन ने हाल ही में हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार और पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को हराया था। चुनाव परिणाम में उन्हें 152 मतों के अंतर से जीत हासिल हुई थी। यह चुनाव 9 सितम्बर को आयोजित हुआ था, जोकि 21 जुलाई को तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद कराना पड़ा।
शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्य, कई राज्यों के मुख्यमंत्री, विपक्षी दलों के नेता, सुप्रीम कोर्ट और उच्च न्यायपालिका के वरिष्ठ पदाधिकारी, साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इससे पहले उपराष्ट्रपति पद के लिए चुने जाने के बाद सी.पी. राधाकृष्णन ने महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति भवन की ओर से गुरुवार को जारी बयान में बताया गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके बाद गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अब देवव्रत दोनों राज्यों के राज्यपाल की जिम्मेदारी संभालेंगे।
राधाकृष्णन के शपथ लेने के साथ ही देश में नई राजनीतिक और संवैधानिक भूमिका की शुरुआत हो गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनकी संगठनात्मक क्षमता और लंबे राजनीतिक अनुभव से आने वाले समय में संसद के उच्च सदन में नए आयाम देखने को मिलेंगे।









