कर्नाटक । कर्नाटक के हासन जिले में शुक्रवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मोसले होसल्ली इलाके में एक अनियंत्रित कंटेनर जुलूस में घुस गया, जिससे अफरातफरी मच गई। इस दुर्घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 22 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर ने एक बाइक से टक्कर बचाने की कोशिश में जुलूस में प्रवेश कर लिया। हादसे के वक्त बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिनमें इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र भी शामिल थे।
हासन की डिप्टी कमिश्नर के.एस. लता कुमारी ने बताया कि घायलों का इलाज एचआईएमएस अस्पताल में चल रहा है। इनमें से एक की हालत गंभीर है, जबकि सात अन्य को सामान्य चोटें आई हैं। कंटेनर चालक भी दुर्घटना में घायल हुआ है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है और आश्वासन दिया है कि घायलों का पूरा इलाज सरकार की ओर से करवाया जाएगा।









