कोरबा/कटघोरा। विशेष रिपोर्ट।
कोरबा/कटघोरा। शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को विद्यालय तक सुगमता से पहुंचाने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कटघोरा में साइकिल वितरण कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पात्र छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग, मंडल महामंत्री समजीत सिंह, मंडल मंत्री देक्रांत देवांगन, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अनुराग दुहलानी एवं युवा मोर्चा मंडल महामंत्री मंड़ीप जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। शासन की साइकिल वितरण योजना का उद्देश्य उन छात्र-छात्राओं को राहत देना है, जिन्हें प्रतिदिन दूर-दराज़ के गांवों से स्कूल आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अब साइकिल मिलने से बच्चों का समय बचेगा, वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंच सकेंगे और पूरी ऊर्जा के साथ अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे पाएंगे।
विद्यालय परिवार ने भी इस योजना को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे न केवल शिक्षा के प्रति बच्चों का उत्साह बढ़ेगा, बल्कि विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति भी सुनिश्चित होगी। ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक विद्यार्थियों के लिए यह साइकिल किसी उपहार से कम नहीं है, जो उनके सपनों को नई रफ्तार देगी।

साइकिल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने खुशी व्यक्त करते हुए शासन एवं विद्यालय परिवार का आभार जताया। अभिभावकों ने भी इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों की पढ़ाई आसान होगी और आर्थिक बोझ भी कम होगा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की ऐसी छात्रहितैषी योजनाएं शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने, नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई कर अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।







