छत्तीसगढ़/बिलासपुर स्वराज जयसवाल की विशेष रिपोर्ट।
छतोना गांव में तालाब खुदाई के दौरान मिला विशाल प्राचीन स्नान घाट, पुरातत्व विभाग की जांच का इंतजार
बिलासपुर/छतोना। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के छतोना गांव में तालाब की सफाई और गहरीकरण कार्य के दौरान एक ऐसी ऐतिहासिक संरचना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। खुदाई के दौरान जमीन के भीतर से निकला विशाल सीढ़ीनुमा प्राचीन स्नान घाट अब लोगों के आकर्षण और चर्चा का केंद्र बन चुका है।

जैसे-जैसे खुदाई आगे बढ़ी, वैसे-वैसे मिट्टी में दबी पुरातात्विक संरचना सामने आती गई। पत्थरों से निर्मित यह घाट लगभग 40 फीट लंबा और 15 फीट चौड़ा बताया जा रहा है। घाट के नीचे एक कुंडनुमा भाग भी मिला है, जिससे इसके धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व की संभावनाएं और प्रबल हो गई हैं।

ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने पहले कभी इस स्थान पर ऐसी किसी संरचना को नहीं देखा था। अचानक खुदाई के दौरान पत्थरों की बनी सीढ़ियां निकलने लगीं, जिसे देखकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में कौतूहल फैल गया। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे और कई ग्रामीणों ने वहां पूजा-अर्चना भी शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों और इतिहास प्रेमियों का मानना है कि यह संरचना किसी प्राचीन मंदिर, धार्मिक स्थल या पुराने राजवंश की धरोहर का हिस्सा हो सकती है। कुछ लोग इसे भूली-बिसरी सभ्यता के अवशेष के रूप में भी देख रहे हैं।
अब सभी की निगाहें प्रशासन और पुरातत्व विभाग की जांच पर टिकी हुई हैं। यदि यह संरचना ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण साबित होती है, तो बिलासपुर जिले को एक नई ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान मिल सकती है।










