नई दिल्ली: महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर बापू को नमन किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों और आदर्शों को याद किया।
प्रधानमंत्री मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि “महात्मा गांधी का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का आधार है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि “पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया। इसमें वह शक्ति है, जो बिना हथियार के दुनिया को बदल सकती है। अहिंसा परमो धर्मस्तथाऽहिंसा परन्तपः। अहिंसा परमं सत्यं यतो धर्मः प्रवर्तते।”
देशभर में कार्यक्रम
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें उनके आदर्शों, सत्याग्रह और अहिंसा के मूल्यों को याद किया जा रहा है।









