प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज झंझारपुर में आयोजित पंचायती राज कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “22 तारीख को जिन निर्दोष लोगों को हम ने खो दिया, उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। आतंकियों के कुकृत्य से न सिर्फ पीड़ित परिवार, बल्कि समूचा देश दुखी है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देशवासियों पर इस बेरहमी से किए गए हमले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि शांति और सुरक्षा देश के विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा, “अब आतंक के आकाओं की कमर टूट कर रहेगी।
आतंकवादियों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। ये सजा केवल उन्हीं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनके आकाओं तक भी पहुंचेगी।” प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ देश के दृढ़ संकल्प को दोहराते हुए कहा, “देश के दुश्मनों ने हमारे देश की आत्मा पर हमला किया है, लेकिन अब आतंकवादियों को मिट्टी में मिला देने का वक्त आ गया है। उनकी बची हुई जमीन भी हम मिट्टी में मिला देंगे।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अगुवाई में सर्वदलीय बैठक
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी
हमले की देशभर में निंदा की जारी है। इस हमले को लेकर हर किसी में आक्रोश है। वहीं केंद्र सरकार ने हमले को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बताया गया कि, यह बैठक आज 24 अप्रैल की शाम 6 बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अगुवाई में होगी। बैठक में हमले के बाद की स्थिति, सुरक्षा उपायों और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी, जिसमें तमाम दलों के नेता शामिल होंगे।
बता दें कि आज की इस अहम बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी हिस्सा लेंगे। सरकार इस मौके पर विपक्षी दलों को इस हमले से जुड़ी सभी प्रमुख जानकारी दी जाएगी। कांग्रेस समेत विभिन्न विपक्षी दलों ने मांग की थी कि, सरकार को इस मुद्दे पर सभी दलों की एक बैठक बुलानी चाहिए।
ताकि घटना की गंभीरता और आगे की रणनीति पर विचार किया जा सके। पहलगाम में हुए इस हमले में अब तक 26 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह घटना पूरे देश को झकझोर देने वाली रही और इसके मद्देनजर राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं।
कांग्रेस कार्यसमिति की आपात बैठक शुरू
कांग्रेस पार्टी की राजनीति आज एक बार फिर केंद्र में है। राजधानी दिल्ली में आज कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है जिसमें हालिया पहलगाम हमले सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। अमेरिका दौरे से भारत लौटे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी इस बैठक में शामिल होंगे।
उनके साथ ही कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी बैठक में मौजूद रहेंगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यसमिति के सदस्य भी इस महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेंगे। सूत्रों के अनुसार बैठक का मुख्य एजेंडा हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर चर्चा करना है। पार्टी इस हमले को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठा सकती है और भविष्य की रणनीति पर विचार कर सकती है।









