राजस्थान की पारी समाप्त
राजस्थान रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल की अर्धशतकीय पारी की मदद से आरसीबी को 174 रनों का लक्ष्य दिया है। आरसीबी ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। यशस्वी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 75 रन बनाए जिससे राजस्थान 20 ओवर में चार विकेट पर 173 रन बनाने में सफल रहा। यशस्वी के अलावा राजस्थान के लिए ध्रुव जुरेल ने 23 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 35 रन बनाए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की शुरुआत धीमी रही। यशस्वी और कप्तान संजू सैमसन के बीच अच्छी साझेदारी हो रही थी, लेकिन क्रुणाल पांड्या ने सैमसन को आउट कर राजस्थान को पहला झटका दिया। सैमसन 19 गेंदों पर एक चौके की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद यशस्वी और रियान पराग ने दूसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी की, लेकिन यश दयाल ने रियान को आउट कर दिया। रियान 22 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
यशस्वी ने मैच में शानदार बल्लेबाजी की और सीजन का अपना दूसरा अर्धशतक जड़ा। यशस्वी एक छोर से पारी को संभाले हुए थे, लेकिन हेजलवुड ने यशस्वी को एलबीडब्ल्यू कर राजस्थान को तीसरा झटका दिया। शिमरॉन हेटमायर इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके और भुवनेश्वर कुमार का शिकार बने। शिमरॉन नौ रन बनाकर आउट हुए। अंत में जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी की जिससे राजस्थान 170 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहा। नीतीश राणा एक गेंद पर चार रन बनाकर नाबाद लौटे। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर, यश दयाल, जोश हेजलवुड और क्रुणाल पांड्या को एक-एक विकेट मिले।
राजस्थान का स्कोर 150 के पार
आरसीबी के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया है। राजस्थान के लिए शिमरॉन हेटमायर और ध्रुव जुरेल क्रीज पर मौजूद हैं।
राजस्थान को लगा तीसरा झटका
जोश हेजलवुड ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को तीसरा झटका दिया है। यशस्वी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक जड़ चुके थे, लेकिन हेजलवुड की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। यशस्वी 47 गेंदों पर 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान का स्कोर 110 के पार
आरसीबी के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 110 के पार पहुंच गया है। राजस्थान के लिए सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे टीम ने 15 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 114 रन बना लिए हैं।
राजस्थान को लगा दूसरा झटका
यश दयाल ने रियान पराग को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को दूसरा झटका दिया। रियान अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन कोहली को आसान सा कैच थमा बैठे। रियान ने 22 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए
यशस्वी का अर्धशतक
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने आरसीबी के खिलाफ 35 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। यशस्वी का यह इस आईपीएल सीजन का दूसरा पचासा है। राजस्थान ने 13 ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 104 रन बना लिए हैं।










