मेरठ से अभय शर्मा की रिपोर्ट
मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड के मुख्य आरोपी साहिल शुक्ला और मुस्कान रस्तोगी की बुधवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत पूरी होने पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी हुई। इस दौरान मुस्कान, साहिल को देखकर फफककर रो पड़ी।
14 दिन बाद आमने-सामने आए दोनों
जेल सूत्रों के अनुसार, साहिल और मुस्कान 14 दिन बाद पहली बार वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए एक-दूसरे को देख पाए। करीब 15 मिनट तक दोनों जेल के वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम में रहे। हालांकि, वे आपस में बातचीत करना चाहते थे, लेकिन जेल प्रशासन ने उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं दी।
जज ने मुस्कान और फिर साहिल से किए सवाल
वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान जज ने सबसे पहले मुस्कान और फिर साहिल से उनके नाम व अन्य जानकारी पूछी। कुछ सवालों के जवाब लेने के बाद पेशी समाप्त कर दी गई।
15 दिन के लिए बढ़ी न्यायिक हिरासत
पेशी पूरी होने के बाद कोर्ट ने दोनों की न्यायिक हिरासत 15 अप्रैल तक बढ़ा दी। इसके बाद मुस्कान को महिला बैरक और साहिल को पुरुष बैरक में भेज दिया गया। दोनों 19 मार्च से मेरठ जेल में बंद हैं।
अगले सप्ताह पेश होगी चार्जशीट
मेरठ पुलिस लगभग हत्याकांड की चार्जशीट तैयार कर चुकी है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ आवश्यक तथ्यों को शामिल करने के बाद अगले सप्ताह तक चार्जशीट कोर्ट में पेश की जाएगी। केस डायरी में पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि हत्या के पीछे तंत्र-मंत्र नहीं, बल्कि साहिल और मुस्कान के लव अफेयर को कारण बताया गया है।
मुस्कान सिलाई, साहिल खेती सीख रहा
मेरठ के वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के अनुसार, मुस्कान ने सिलाई-कढ़ाई सीखने की इच्छा जाहिर की, वहीं साहिल खेती-बागवानी का काम सीख रहा है।
–









