बिलासपुर। स्वराज जयसवाल विशेष रिपोर्ट।
बिलासपुर। रेलवे स्टेशन बिलासपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 21.058 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के रहने वाले हैं। उनके पास मौजूद दो बैग की तलाशी लेने पर गांजा बरामद हुआ। गांजे को 10 अलग-अलग पैकेटों में रखा गया था।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई और कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा। बरामद गांजे को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
रेलवे स्टेशन बना तस्करों के लिए चुनौती
जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश और रेल पुलिस के मार्गदर्शन में रेलवे स्टेशनों पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी, संदिग्धों की जांच और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह बड़ी बरामदगी सामने आई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी गांजा खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
21 किलो से अधिक गांजे की बरामदगी ने रेलवे स्टेशन पर सक्रिय नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को एक और बड़ी सफलता दी है।










