बिलासपुर/रतनपुर। स्वराज जयसवाल विशेष।
बिलासपुर/रतनपुर। चलती बस में भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने वाले गिरोह का रतनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की चेन बेचकर मिली रकम में से 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
धक्का-मुक्की के बीच महिला के गले से गायब हुई सोने की चेन
मामला 2 अगस्त का है। बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर आए थे। वापस लौटते समय दोनों नेहरू चौक से बस में सवार हुए। महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में चढ़ीं और भीड़ का फायदा उठाते हुए गीता प्रधान को घेरकर उनके साथ धक्का-मुक्की करने लगीं।
कुछ देर बाद संदिग्ध महिलाएं शनिचरी चौक, रतनपुर के पास बस से उतर गईं। बस खाली होने के बाद गीता प्रधान ने अपने गले पर हाथ लगाया तो सोने की चेन गायब थी। इसके बाद मामले की शिकायत रतनपुर पुलिस से की गई।
CCTV फुटेज से खुला गिरोह का राज
शिकायत मिलते ही रतनपुर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने महामाया चौक बिलासपुर और शनिचरी चौक रतनपुर के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के कोनकोना निवासी के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया।

20 हजार में बेची चोरी की चेन
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर संगठित तरीके से बस में महिलाओं को घेरने, धक्का-मुक्की करने और मौका मिलते ही गले से चेन झपटने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार चोरी की गई सोने की चेन को करीब 20 हजार रुपये में बेच दिया गया था।
आरोपियों ने इसमें से 12 हजार रुपये खर्च कर दिए थे, जबकि शेष 8 हजार रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
पहले भी झपटमारी के मामलों में नाम आने की जानकारी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पूर्व में भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामले दर्ज रहे हैं। सभी 9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वहीं, चोरी की चेन खरीदने वाली बताई जा रही सुरतनी गिरी की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
दूसरे मामलों की भी जांच शुरू
रतनपुर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने इससे पहले बसों या अन्य सार्वजनिक वाहनों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ के बाद गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।









