भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को फील्डिंग करते समय गंभीर चोट लग गई थी। कैच पकड़ने के प्रयास में अय्यर की पसलियों में गहरी चोट आई, जिसके बाद उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया। अब खबर है कि अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अय्यर की पसलियों की चोट से आंतरिक रक्तस्राव (internal bleeding) हुआ है, जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें ICU में शिफ्ट किया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टरों ने अगले 5 से 7 दिनों तक अस्पताल में निगरानी में रखने का फैसला किया है।
सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि अय्यर के माता-पिता का वीजा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ताकि वे जल्द ही ऑस्ट्रेलिया पहुंचकर बेटे से मिल सकें।
गौरतलब है कि तीन मैचों की वनडे सीरीज में अय्यर का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने दो पारियों में 72 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। मिडल ऑर्डर में उनकी भूमिका टीम इंडिया के लिए बेहद अहम मानी जाती है।
हालांकि, उनकी मौजूदा हालत को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि श्रेयस अय्यर नवंबर के अंत में शुरू होने वाली साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज से बाहर हो सकते हैं। टीम प्रबंधन उनकी रिकवरी पर करीबी नजर बनाए हुए है।










