मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के हर्मोसिलो शहर में डे ऑफ द डेड फेस्टिवल के दौरान एक सुपरमार्केट में भीषण विस्फोट और आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुखद घटना में 23 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 4 बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के वक्त सुपरमार्केट में भारी भीड़ मौजूद थी।
राष्ट्रपति शीनबाम ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है, वहीं सोनारा राज्य के गवर्नर ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। सोनारा रेड क्रॉस सोसायटी ने पुलिस और दमकल विभाग के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया। रेडक्रॉस के 40 से अधिक वॉलंटियर्स और 10 एम्बुलेंस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
सोनारा राज्य के अटॉर्नी जनरल गुस्तावो सालास ने पुष्टि की है कि आग पर काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया गया है कि विस्फोट की वजह इलेक्ट्रिकल फॉल्ट हो सकती है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश लोगों की मौत धुएं और जहरीली गैसों से दम घुटने के कारण हुई। आग लगने के बाद स्टोर में धुआं तेजी से फैल गया और एक ही एग्जिट गेट होने के कारण लोग बाहर नहीं निकल पाए। जब तक बचाव दल मौके पर पहुंचा, तब तक कई लोगों ने दम तोड़ दिया था।
पूरे देश में ‘डे ऑफ द डेड’ त्योहार मनाया जा रहा था, जो अपने दिवंगत परिजनों की स्मृति में आयोजित किया जाता है। उत्सव के बीच हुई इस भयावह घटना ने पूरे मेक्सिको को झकझोर कर रख दिया है।










