तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। चेवेल्ला मंडल के खानपुर गेट के पास हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर रॉन्ग साइड से आ रहे डंपर ने तेलंगाना रोडवेज की बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर बस के आधे हिस्से पर पलट गया और बस के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। बस में कुल 70 लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि डंपर में भरी बजरी बस के यात्रियों पर गिर गई, जिससे कई लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। बस तंदूर से हैदराबाद जा रही थी। सोमवार का दिन होने के कारण बस में बड़ी संख्या में छात्र और ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारी सवार थे।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस भीषण दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने मुख्य सचिव और डीजीपी को आदेश दिया है कि सभी घायलों को जल्द से जल्द हैदराबाद पहुंचाकर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा दी जाए।
तेलंगाना के मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने भी हादसे पर चिंता जताई और आरटीसी के एमडी नागी रेड्डी एवं रंगा रेड्डी जिला कलेक्टर से बात कर घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। राहत दल लगातार मलबे में दबे शवों को निकालने का कार्य कर रहे हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता राशि देने की घोषणा की है।










