राजधानी रायपुर में अंधविश्वास के सहारे ठगी का एक और मामला सामने आया है। राखी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेंद्री गांव में बीमारी ठीक करने का दावा करने वाले एक युवक ने परिवार का भरोसा जीतकर सोने के गहने और नकदी लेकर चंपत हो गया। घटना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को पीड़ित परिवार के घर ससुर तुका राम साहू एक युवक को रिश्तेदार बताकर लेकर आए। परिवार ने सम्मान के तौर पर उसे स्वागत दिया। इसी दौरान आरोपी ने दावा किया कि घर की बहू ओम कुमारी साहू गंभीर रूप से ग्रसित है और अगर तुरंत ‘झाड़-फूंक’ नहीं की गई तो स्थिति बिगड़ सकती है। अपने आप को तांत्रिक बताते हुए उसने इलाज का भरोसा दिलाया।
आरोपी झाड़-फूंक के बहाने बहू के कमरे में गया और पूजा-पाठ के नाम पर घर में रखे सोने के गहने और करीब 12,000 रुपये नकद मंगवाए। वह गहनों और पैसे को एक रूमाल में बांधकर ले गया और कहा कि गांव के बाहर विशेष पूजा करने के बाद तुरंत लौट आएगा। मगर उसके बाद वह वापस नहीं आया।
परिवार ने जब 7 नवंबर तक उसकी तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला, तब जाकर मामले की शिकायत राखी थाने में दर्ज कराई। फरार आरोपी गुलबंद, टापस, मंगलसूत्र, डोंडा माला, अंगूठी, इयररिंग और नगदी लेकर भाग गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ग्रामीणों से अपील कर रही है कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।








