बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 6 नवंबर को मतदान संपन्न हो चुका है। दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है, वहीं परिणाम 14 नवंबर को आएंगे। लेकिन इसी बीच स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरजेडी ने हाजीपुर में बने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
आरजेडी ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में देर रात एक पिकअप वैन को स्ट्रांग रूम परिसर में प्रवेश करते हुए दिखाया गया है। पार्टी का आरोप है कि गाड़ी को अंदर ले जाते समय कुछ देर के लिए स्ट्रांग रूम का सीसीटीवी कैमरा बंद कर दिया गया। साझा किए गए वीडियो में मॉनिटर स्क्रीन में से एक स्क्रीन का ब्लैक आउट नजर आना भी सवाल खड़े कर रहा है।
आरजेडी ने लिखा, “वैशाली के हाजीपुर स्ट्रांग रूम में रात के वक्त पिकअप वैन inside-out हो रहा है। अलग-अलग विधानसभा के सीसीटीवी फीड बारी-बारी से बंद किए जा रहे हैं। यह क्या चल रहा है?”
साथ ही पार्टी ने पोस्ट में चुनाव आयोग को टैग करते हुए पूरे मामले पर स्पष्टीकरण की मांग की है।
वहीं, जिला प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन स्ट्रांग रूम सुरक्षा पर लगातार हो रही राजनीति के कारण मामला संवेदनशील बन गया है।










