बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में इस बार ऐतिहासिक मतदान हुआ है। चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य में कुल 66.91 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जो 1951 के बाद अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है। खास बात यह रही कि महिला मतदाताओं ने इस बार चुनाव में रिकॉर्ड भागीदारी दिखाई — दोनों चरणों में 71.6% महिलाओं ने मतदान किया, जबकि पुरुषों की भागीदारी 62.8% रही।
पहले चरण में 6 नवंबर को 65.06% और दूसरे चरण में मंगलवार को 68.76% मतदान हुआ। दूसरे चरण में कटिहार जिला सबसे आगे रहा, जहां 78.82% वोट पड़े। इसके बाद किशनगंज (78.13%), पूर्णिया (76.09%), सुपौल (72.56%), पूर्वी चंपारण (71.30%) और पश्चिम चंपारण (70.81%) में भी भारी मतदान दर्ज किया गया। सबसे कम मतदान नवादा जिले में 57.85% हुआ।
कुल मिलाकर 38 जिलों के 7.4 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने 2,616 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में बंद कर दिया है। चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल में एनडीए को बढ़त मिलती दिख रही है। अब सभी की निगाहें 14 नवंबर को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, जब बिहार की नई राजनीतिक तस्वीर सामने आएगी।










