जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ ब्लॉक स्थित लगरा धान खरीदी केंद्र में देर रात अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने बड़ा रूप ले लिया और केंद्र में रखे सैकड़ों बारदाना जलकर राख हो गए। घटना के समय केंद्र पूरी तरह खाली था, क्योंकि कर्मचारी और ऑपरेटर हड़ताल पर चल रहे थे। ऐसे में आग कैसे लगी और इसके पीछे कौन-सी वजह रही, यह अब तक साफ नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने बताया कि देर रात धुआं उठते हुए देखा गया और जलने की तीखी गंध महसूस हुई। मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
किसानों में बढ़ी नाराजगी
घटना ने खरीदी सीजन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसानों का कहना है कि जब धान खरीदी अपने चरम पर है, ऐसे समय में सुरक्षा और निगरानी का अभाव बेहद चिंताजनक है।
स्थानीय किसान और ग्रामीण प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, ताकि आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सके और आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।








